पश्चिमी सिंहभूम में भीषण सड़क हादसा : ट्रेलर और सवारी वाहन की टक्कर में तीन की मौत, 12 घायल…

पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुईड़ा गांव के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रहे ट्रेलर और सवारी वाहन (कमांडर जीप) की जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान चीनीबाई गांव के रघुनाथपुर टोला निवासी कैरा सिंकु (28), रामो हाईबुरू (30) और वाहन चालक चन्द्रमोहन हेम्ब्रम (42) के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। हादसे के दौरान जीप की छत पर बैठे कई लोग सड़क किनारे गिर पड़े और कुछ वाहन के आगे जा गिरे।
जानकारी के अनुसार सोमवार को हाटगम्हरिया मुख्य चौक में लगने वाले बाजार से यात्रियों को लेकर कमांडर जीप चीनीबाई के लिए निकली थी। जीप में नीचे बैठे यात्रियों के अलावा लगभग आठ लोग छत पर भी बैठे थे। इसी दौरान कुईड़ा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने जीप को टक्कर मार दी।
घायलों में रघुनाथपुर निवासी जोटिया सिंकु, गोपाल सिंकु, रघुनाथ सिंकु, जोटिया हाईबुरू, छोटा माहुलडिया निवासी संजु हेस्सा और उसका ढाई वर्षीय बच्चा आर्यन हेस्सा समेत कई अन्य शामिल हैं। सभी घायलों को पहले कुमारडुंगी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

