Chaibasa : नदी में नहाने गया युवक लापता, खोज अभियान को लेकर ग्रामीणों में नाराज़गी…

West Singhbhum News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल के इचाकुटी गांव में रविवार शाम एक युवक नदी में नहाने के दौरान लापता हो गया। लापता युवक की पहचान तेलंगाना निवासी श्रीहरि के रूप में हुई है जो चक्रधरपुर डाकघर में कार्यरत था।
जानकारी के मुताबिक श्रीहरि दोपहर 3 से 4 बजे के बीच नदी में नहा रहा था। इसी दौरान नदी का बहाव अचानक तेज हो गया और वह पानी की लहरों में बह गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद काफी देर तक खोज अभियान शुरू नहीं किया गया। उनका कहना है कि प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए थी।
घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण नदी किनारे उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं और कई लोग स्वयं भी खोजबीन में जुटे हैं। लेकिन अभी तक श्रीहरि का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल गोताखोरों की टीम बुलाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर कार्रवाई न होने से लोगों में नाराज़गी बढ़ रही है।

