खरसावां-कुचाई मार्ग पर बड़ा हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी यात्री बस, 20 लोग घायल…

झारखंड के खरसावां-कुचाई मार्ग पर शुक्रवार 19 सितंबर को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जमशेदपुर से चक्रधरपुर जा रही आशीष नामक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना कुचाई के पास हुई, जहां चालक ने अचानक बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से नीचे पलट गई। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचाई पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को बेहतर इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि बाकी घायलों का इलाज कुचाई में जारी है।
हादसे की खबर मिलने पर खरसावां के विधायक प्रतिनिधि अनूप सिंह देव भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था को लेकर चिकित्सा पदाधिकारी और सिविल सर्जन से बातचीत की और सभी को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
वहीं स्थानीय प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यात्री बसों के परिचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

