West Bengal: बर्द्धमान में भीषण सड़क हादसा: बस और डंपर की टक्कर में 10 श्रद्धालुओं की मौत, 25 घायल…

Azad Reporter desk: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले में स्वतंत्रता दिवस की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 श्रद्धालुओं की जान चली गई जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। हादसा शुक्रवार सुबह फागुपुर स्थित 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ जब गंगासागर से लौट रही यात्रियों से भरी एक वाल्वो बस खड़े डंपर से जा टकराई।
मृतकों में दो महिलाएं और आठ पुरुष शामिल हैं। घायलों में 3 से 4 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी का इलाज बर्द्धमान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार बस गंगासागर में स्नान कर लौट रहे यात्रियों को लेकर दुर्गापुर की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी। फागुपुर के पास बस ने सड़क किनारे खड़े डंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने 10 लोगों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


