टाटा समूह ने विमान हादसे के पीड़ितों के लिए बनाया 500 करोड़ रुपये का राहत ट्रस्ट
Azad reporter desk: टाटा संस और टाटा ट्रस्ट ने अहमदाबाद-लंदन एयर इंडिया उड़ान दुर्घटना के पीड़ितों की सहायता के लिए 500 करोड़ रुपये के राहत ट्रस्ट की घोषणा की है। यह ट्रस्ट हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों और घायल लोगों को आर्थिक और सामाजिक सहायता प्रदान करेगा।इस ट्रस्ट का नाम ‘AI-171 मेमोरियल एंड वेलफेयर ट्रस्ट’ रखा गया है और इसे मुंबई में पंजीकृत किया गया है।
हादसा 12 जून को उस वक्त हुआ था जब अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में 260 लोगों की जान चली गई थी, जबकि 50 से अधिक यात्री घायल हुए थे।टाटा ट्रस्ट और टाटा संस दोनों ने ट्रस्ट में 250-250 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। हादसे में मारे गए प्रत्येक यात्री के परिवार को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।ट्रस्ट केवल मृतकों के परिजनों तक सीमित नहीं रहेगा। घायलों के इलाज, पुनर्वास और भविष्य की शिक्षा व करियर से जुड़ी सहायता भी इस ट्रस्ट के तहत दी जाएगी। दुर्घटना से प्रभावित शैक्षणिक संस्थानों, विशेषकर मेडिकल कॉलेज हॉस्टलों के पुनर्निर्माण का भी प्रावधान है।
ट्रस्ट की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पांच सदस्यीय ट्रस्टी बोर्ड का गठन किया गया है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि मदद वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे। यह राहत त्वरित और दीर्घकालिक दोनों स्तरों पर दी जाएगी।टाटा समूह इससे पहले भी विभिन्न आपदाओं और संकट की घड़ियों में देश के साथ खड़ा रहा है। यह पहल एक बार फिर समूह की सामाजिक प्रतिबद्धता और मानवीय संवेदनशीलता को दर्शाती है।


