स्वतंत्रता दिवस पर विधानसभा भवन में सीएम योगी ने फहराया तिरंगा, परेड की सलामी, हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा…

Azad Reporter desk: 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा भवन पर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा भी की गई। सीएम ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीरों के बलिदान को याद करने का दिन है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि फौज और सुरक्षा बलों की बदौलत ही हम सुरक्षित हैं और देश एक सूत्र में बंधा हुआ है। उन्होंने हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर में भाग लेने वाले वीर जवानों को सलाम किया।
इस मौके पर दोनों उपमुख्यमंत्री, मेयर और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में डीजीपी राजीव कृष्ण ने ध्वजारोहण किया और कहा कि यूपी पुलिस के कई अधिकारियों को इस वर्ष सम्मानित किया जाना गर्व की बात है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।


