1000252603

पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का निधन, दिल्ली के अस्पताल में ली अंतिम सांस…

खबर को शेयर करें
1000252603

Azad Reporter desk: जम्मू-कश्मीर, गोवा और मेघालय जैसे राज्यों के राज्यपाल रह चुके सत्यपाल मलिक का 79 वर्ष की उम्र में आज दोपहर करीब 1 बजे निधन होगया। वे लंबे समय से बीमार थे और दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।

सत्यपाल मलिक अगस्त 2018 से अक्टूबर 2019 तक जम्मू-कश्मीर के आखिरी राज्यपाल रहे। उनके कार्यकाल के दौरान ही 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया था। आज इस फैसले की छठी वर्षगांठ भी है।

जम्मू-कश्मीर के बाद उन्हें गोवा का राज्यपाल बनाया गया और फिर वे मेघालय के राज्यपाल रहे। अक्टूबर 2022 में उनका कार्यकाल समाप्त हुआ।

राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने 1970 के दशक में समाजवादी विचारधारा के साथ की थी। वे चरण सिंह की भारतीय क्रांति दल, कांग्रेस और वीपी सिंह की जनता दल जैसे कई दलों से जुड़ते हुए 2004 में भाजपा में शामिल हुए।

वर्ष 1974 में वे उत्तर प्रदेश के बागपत से विधायक बने। बाद में लोकदल के महासचिव भी रहे। उन्हें दो बार राज्यसभा का सदस्य चुना गया पहली बार 1980 में और दूसरी बार 1989 में। दूसरी बार वे कांग्रेस के टिकट पर राज्यसभा पहुंचे थे।

1987 में उन्होंने बोफोर्स घोटाले के विरोध में राज्यसभा और कांग्रेस दोनों से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उन्होंने ‘जन मोर्चा’ नाम की पार्टी बनाई जिसे बाद में जनता दल में मिला दिया गया।

सत्यपाल मलिक ने अपने राजनीतिक जीवन में कई उतार-चढ़ाव देखे लेकिन वे हमेशा स्पष्ट बोलने और बेबाक राय रखने के लिए जाने जाते रहे।

उनके निधन पर शोक की लहर है। कई नेताओं और आम लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।