IMG 20250721 WA0095
|

पति के अवैध संबंध बने जानलेवा, पत्नी ने हथौड़े से वार कर की हत्या

खबर को शेयर करें

जमशेदपुर: धीराजगंज-सतबोहनी इलाके में मंगलवार की रात घरेलू कलह के चलते दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। पति के अवैध संबंधों से आहत पत्नी पूजा कुमारी ने गहरी नींद में सो रहे राजेश महथा की निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद वह अपने बच्चों को लेकर फरार हो गई, लेकिन पुलिस ने उसे 48 घंटे के भीतर दबोच लिया।

मूल रूप से गिरिडीह जिले के उधनाबाद के रहने वाले राजेश महथा अपने परिवार के साथ धीराजगंज में किराए पर रह रहे थे। मंगलवार की रात पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई। पूजा ने गुस्से में आकर निर्माणाधीन साइट से लाया गया लोहे का भारी हथौड़ा उठाया और पति के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।पुलिस को सूचना मिलने पर जांच शुरू हुई। घटनास्थल से खून से सना हथौड़ा, एक काँटी और खून लगे दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।

पूछताछ में पूजा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। हत्या के पीछे पति के अन्य महिलाओं से संबंध और लगातार हो रही कहासुनी को वजह बताया गया है।मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला एसपी मुकेश लुणायत ने एसडीपीओ समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की थी। इस टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार तिर्की सहित कई अधिकारी व जवान शामिल थे।

पुलिस ने कांड संख्या 228/25 के तहत हत्या, साक्ष्य मिटाने और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।मृतक के भाई उमेश महथा की लिखित शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स की जांच भी की जा रही है।