झारखंड में मौसम का कहर : 16 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट…

झारखंड में सोमवार को कई जगह हुई लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। राजधानी रांची में सुबह 4 बजे से शुरू हुई मूसलाधार बारिश देर रात 10 बजे तक जारी रही। इस दौरान रांची के कांटाटोली इलाके में हालात ऐसे हो गए कि सड़कें तालाब में बदल गईं और वाहन पानी में तैरते नजर आए।
भारी बारिश से पूर्वी सिंहभूम, लातेहार और लोहरदगा समेत कई जिलों में लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया।
मौसम विभाग ने मंगलवार सुबह से येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, बोकारो, धनबाद, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस साल झारखंड में ज्यादा ठंड पड़ने की संभावना है। ला-नीना एक्टिव होने से पिछले साल के मुकाबले 30-35 प्रतिशत अधिक ठंड पड़ सकती है। अमेरिकी मौसम एजेंसी CPC ने अक्टूबर से दिसंबर 2025 के बीच ला-नीना एक्टिव होने की 71% संभावना जताई है।

