1000298980 1

फर्जी हस्ताक्षर कर निकाले पैसे, रेलवे अर्बन बैंक के दो कर्मचारी बर्खास्त…

खबर को शेयर करें
1000298980 1

Jharkhand: कोलकाता स्थित रेलवे अर्बन बैंक में गबन मामले का बड़ा खुलासा हुआ है। बैंक प्रबंधन ने बुधवार को अपने दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया।

अर्बन बैंक के उप मुख्य प्रबंधक (फाइनेंस) चंदन ठाकुर ने आदेश जारी किया। दक्षिण पूर्व, दक्षिण पूर्व मध्य और पूर्व तटीय रेलवे को-ऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटीज (अर्बन बैंक) इन दोनों कर्मचारियों की जांच कर रही थी।

बर्खास्त किए गए कर्मचारियों में चक्रधरपुर मंडल के वरिष्ठ लिपिक सरनेंदु जेना और खड़गपुर के कैशियर विवेकानंद बख्शी शामिल हैं। आरोप है कि दोनों ने मृत शेयरधारक खादू मुर्मू (जिनका निधन 24 मई 2010 को हो चुका था) को जीवित दिखाकर उनके खाते से फर्जी हस्ताक्षर कर 2015 में 4,204 रुपये निकाल लिए।

इसके अलावा खड़गपुर वर्कशॉप में टेक्निशियन भरत के लोन खाते में राशि जोड़कर फर्जी हस्ताक्षर से 21,917 रुपये निकाले गए। अन्य खातों से भी फर्जीवाड़ा कर कुल 87,853 रुपये गबन किए गए। इस मामले में सरनेंदु जेना अक्टूबर 2024 से निलंबित थे जबकि विवेकानंद बख्शी को पहले ही चार्जशीट मिल चुकी थी। जांच पूरी होने के बाद दोनों को बर्खास्त कर दिया गया।

RPF की कार्रवाई!!

इधर चक्रधरपुर मंडल RPF उड़नदस्ता की टीम ने रेलवे स्टेशन से एक मोबाइल चोर को पकड़ा। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुनील प्रधान के रूप में हुई है जो चक्रधरपुर का ही निवासी है।

उसके पास से दो चोरी के मोबाइल बरामद किए गए हैं। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए चक्रधरपुर रेल थाना को सौंप दिया गया है।

RPF का कहना है कि त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी स्टेशनों पर चौकसी बढ़ा दी गई है और विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।