कोडरमा में ऐश पौंड से निकाले गए दो हाथी…
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में थर्मल पावर प्लांट के निर्माणाधीन ऐश पौंड में फंसे दो हाथियों को वन विभाग ने देर रात तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल की ओर खदेड़ दिया। पटाखों और ड्रोन की मदद से हाथियों को डराकर बाहर निकाला गया।वन विभाग ने बताया कि दोनों हाथी करियावां के घोघरवा जंगल में पहुंच चुके हैं और वहां क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को तैनात कर दिया गया है।
ये हाथी करीब 20–25 हाथियों के झुंड से अलग हो गए थे जो मार्च से इस इलाके में घूम रहा है। अब योजना है कि इन्हें हजारीबाग वन क्षेत्र की ओर भेजा जाएगा जहां उनका झुंड मौजूद है।हाथियों के घोघरवा जंगल पहुंचने से गांवों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो महीनों में हाथियों ने चार लोगों को कुचलकर मार डाला और सैकड़ों एकड़ फसलें बर्बाद कर दी हैं। लोग वन विभाग से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।घोघरवा जंगल को दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) ने पावर प्लांट निर्माण के दौरान विकसित किया था और यहां लाखों पेड़ लगाए गए थे। यह इलाका अब हाथियों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल बन सकता है लेकिन ग्रामीण हमलों के डर से परेशान हैं।


