झारखंड में मूसलाधार बारिश से जनजीवन ठप, 15 सितंबर तक राहत की उम्मीद नहीं…

Jharkhand: झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रांची समेत कई जिलों में सड़कों पर पानी भर गया है वहीं उड़ानों पर भी असर पड़ा है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल 15 सितंबर तक बारिश से राहत की कोई संभावना नहीं है।
रांची एयरपोर्ट पर फ्लाइट डायवर्ट
तेज बारिश और कम दृश्यता के कारण रांची एयरपोर्ट से दो उड़ानों को अन्य शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
खूंटी, लोहरदगा, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम में भी भारी बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में 5 से 6 डिग्री की गिरावट आई है और मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक सिक्किम से बंगाल की खाड़ी तक फैली ट्रफ लाइन झारखंड से गुजर रही है। इसी वजह से राज्य में भारी बारिश हो रही है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

