रांची में बंद का दिखा असर, कई मार्ग जाम…
रांची: सीरमटोली रैप विवाद को लेकर विभिन्न आदिवासी संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद का असर रांची में दिखने लगा है। बीजुपाड़ा चौक के पास रांची-डाल्टेनगंज मार्ग को जाम कर दिया गया है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।रांची सहित पूरे राज्य में किसी तरह की अनहोनी को देखते हुए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। रांची पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। रांची के सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। राजधानी रांची में बंद का असर रांची के ग्रामीण इलाकों में ज्यादा देखने को मिल रहा है।
रांची के टाटीसिलवे, कांके, रातू, ओरमांझी मांडर और दूसरे ग्रामीण थानों में कई स्थानों पर सड़क जाम कर दी गई है। पुलिस की टीम बंद समर्थकों को समझा बुझाकर सड़क पर से हटाने में लगी हुई है। पूरी राजधानी में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।