1000300151

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, यूपी से दबोचा गया शातिर मेडिकल छात्र…

खबर को शेयर करें
1000300151

Jharkhand: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले जयंत कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र से हिरासत में लिया। उसके पास से धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

सूत्रों के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गाजीपुर भागने की फिराक में था। लेकिन पुलिस ने औड़िहार के पास रोडवेज बस को घेरकर उसे दबोच लिया। पुलिस का यह ऑपरेशन पूरी तरह योजनाबद्ध और सतर्कता का नतीजा बताया जा रहा है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मेडिकल का छात्र है। वह एमबीबीएस पास कर चुका है और मास्टर डिग्री की तैयारी कर रहा था। जांच में यह भी पता चला कि वह एक संगठित गैंग बनाने की कोशिश में था। आरोपी का एक मकान शिलांग (मेघालय) में भी है जिससे उसके नेटवर्क के बड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने मोबाइल से धमकी भरा संदेश भेजा था। उसमें लिखा था –
“तुम इंतजार करो तुम्हें बहुत जल्द उड़ा देंगे। हम लोग झारखंड के लिए निकल चुके हैं।”
पुलिस ने जब्त मोबाइल की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कोई और नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।

यह मामला 8 सितंबर को सामने आया था जब मंत्री को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिली थी। इस संबंध में मंत्री के निजी सचिव ने बोकारो स्टील सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर की ट्रैकिंग शुरू की और आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।