IMG 20250719 WA0048
|

बोकारो में वर्दीधारी बदमाशों का आतंक, दो बिल्डरों से दिनदहाड़े 50 लाख की लूट

खबर को शेयर करें

बोकारो: शनिवार को चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अलकुशा मोड़ पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब वर्दी पहने चार अपराधियों ने हथियार के बल पर दो बिल्डरों से 50 लाख रुपये लूट लिए। यह वारदात रांची से धनबाद जा रहे बिल्डरों की कार को रोककर अंजाम दी गई।

बदमाशों ने खुद को सुरक्षा कर्मी की तरह प्रस्तुत कर पहले गाड़ी रुकवाई और फिर बिल्डरों को जबरन बाहर निकालकर अपने वाहन में बैठा लिया।पीड़ितों की पहचान रांची निवासी अभय सिंह और जय के रूप में हुई है जो धनबाद के सिंदरी में एक कारोबारी से नकद लेनदेन के सिलसिले में जा रहे थे। अलकुशा मोड़ पर जैसे ही उनकी गाड़ी पहुंची पहले से घात लगाए वर्दीधारी अपराधियों ने रास्ता रोका। हथियार के दम पर उन्हें उनकी ही कार से उतारा गया और अपराधियों की गाड़ी में बैठाकर 50 लाख रुपये नकद लूट लिए गए।वारदात के दौरान कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने संदेह जताते हुए पत्थरबाजी भी की लेकिन बदमाश तेजी से मौके से फरार हो गए।

बाद में दोनों पीड़ित किसी तरह थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।घटना की गंभीरता को देखते हुए बोकारो पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है।पुलिस का मानना है कि लूट की इस वारदात में कोई संगठित गिरोह शामिल हो सकता है जिसे नकद लेन-देन की जानकारी पहले से थी।

चूंकि मामला रांची, बोकारो और धनबाद तीनों जिलों से जुड़ा है, इसलिए इन जिलों की पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है।दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्दीधारी अपराधियों का इस तरह सरेआम लूटपाट करना प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बन गया है।