सरायकेला प्रशासन ने अफीम की अवैध खेती पर लगाई रोक, ग्रामीणों और विद्यार्थियों को जागरूक किया…

सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध अफीम की खेती को रोकने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर खरसावां, ईचागढ़ और दलभंगा क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत ग्राम सियाडीह, गिलुआ, रोलाहातु और रोलाहातु स्कूल में विद्यार्थियों को अफीम के दुष्प्रभाव और कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों को वैकल्पिक खेती और पशुपालन को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
खरसावां थाना क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार, ईचागढ़ थाना के टीकर गांव और चौका थाना क्षेत्र के बलीडीह गांव में भी अवैध खेती और विक्रय निषेध पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिछले फसलीय वर्ष 2024-25 में जिले में 678.96 एकड़ क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती का विनष्टीकरण किया गया था। उन्होंने कहा कि आगामी फसलीय वर्ष में अवैध खेती करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पंचायतवार जागरूकता अभियान चलाने के लिए विभिन्न विभागों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों और युवाओं को अफीम की अवैध खेती से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करना और उन्हें वैकल्पिक आजीविका अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

