jharkhand Accident 585x306 1

बहरागोड़ा में सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की चपेट में आई वृद्ध महिला, मौके पर मौत

खबर को शेयर करें

Jharkhand: एनएच-49 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बहरागोड़ा प्रखंड के बरसोल थाना क्षेत्र अंतर्गत झांझीया चौक के पास हुआ, जब महिला सड़क पार कर रही थी।मृतका की पहचान छोटा परुलिया गांव निवासी सावित्री संड के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सावित्री संड अपने घर से जगन्नाथपुर चौक की ओर पैदल जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आ रहा एक अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मारते हुए फरार हो गया।स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बरसोल थाना पुलिस को दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और एनएचएआई की एंबुलेंस से महिला को बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।फिलहाल पुलिस वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि झांझीया चौक के पास ट्रैफिक की निगरानी बढ़ाई जाए और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर तथा चेतावनी संकेतक लगाए जाएं।