2025 7largeimg12 Jul 2025 140503173

धनबाद में चूहों ने पी ली शराब…पढ़े पूरी रिपोर्ट

खबर को शेयर करें

झारखंड:झारखंड के धनबाद जिले में उत्पाद विभाग के गोदाम से 802 शराब की बोतलें गायब होने का मामला सामने आया है। इस पर विभाग ने जो सफाई दी है, वह सबको हैरान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि ये शराब चूहों ने पी ली।

यह मामला बलियापुर स्थित सरकारी गोदाम का है, जहां जब्त की गई अवैध शराब रखी गई थी। हाल ही में जब स्टॉक का मिलान किया गया तो सैकड़ों बोतलें गायब पाई गईं। जांच में अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि गोदाम में बड़ी संख्या में चूहे हैं जिन्होंने बोतलों को कुतर दिया और शराब पी ली।

इस दावे के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। आम लोगों से लेकर विशेषज्ञ तक पूछ रहे हैं कि क्या चूहे वाकई इतनी शराब पी सकते हैं? वहीं यह भी सवाल उठ रहा है कि गोदाम की निगरानी और रखरखाव इतना लचर कैसे रहा कि इतने लंबे समय तक यह किसी की नजर में नहीं आया।

जिलाधिकारी ने विभाग से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। प्रशासन ने साफ किया है कि लापरवाही की पुष्टि होने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही गोदामों की सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर भी नए निर्देश दिए जाने की तैयारी हो रही है।

धनबाद की इस घटना ने राज्यभर में चर्चा छेड़ दी है। पहले भी बिहार और उत्तर प्रदेश में इस तरह के दावे सामने आ चुके हैं, और अब झारखंड में भी “चूहे-घोटाले” की चर्चा जोरों पर है।