“कार्तिक उरांव” के नाम से जानना जाएगा रांची का सिरमटोली फ्लाईओवर…
झारखंड: झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि रांची स्थित सिरमटोली फ्लाईओवर का नाम अब प्रसिद्ध आदिवासी नेता कार्तिक उरांव के नाम से जानना जाएगा।
उन्होंने इसे पूर्वजों को सम्मान देने की दिशा में एक अहम कदम बताया। मुख्यमंत्री गुरुवार को रांची के वन भवन परिसर, डोरंडा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।सीएम सोरेन ने कार्यक्रम की शुरुआत पौधा वितरण से की।
उन्होंने कहा कि अब गुलदस्ते की जगह पौधे भेंट करना नई परंपरा होनी चाहिए, क्योंकि यह पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी हरियाली, नदियों और पहाड़ों से है। उन्होंने प्लास्टिक पर चिंता जताते हुए कहा कि “प्लास्टिक हमारे जीवन के लिए खतरा बन चुका है,” और इससे निपटने के लिए हमें कानून के साथ मानसिक प्रतिबद्धता भी विकसित करनी होगी।
शहरीकरण से जुड़ी समस्याओं पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि “आज शहरों में चलने तक की जगह नहीं बची है। फ्लाईओवर और अंडरपास बनाना मजबूरी हो गया है।” उन्होंने कहा कि सरकार जनता की सुविधा के लिए काम कर रही है, न कि राजनीतिक लाभ के लिए। सीएम ने गरीबों की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण की दिशा में हो रहे कार्यों का भी जिक्र किया।
उन्होंने बताया कि कैसे मजदूर और किसान परिवारों के बच्चे अच्छे अंक ला रहे हैं और सीएम एक्सीलेंस योजना से उन्हें लाभ मिल रहा है। मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, यह भी उन्होंने बताया।कार्यक्रम में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद महुआ माजी, विधायक अमित महतो समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि “हम सबको पर्यावरण की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा।”