1000271294

सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामले में CS, DGP, गोड्डा DC और SP को नोटिस, तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा…

खबर को शेयर करें
1000271294

Jharkhand: झारखंड के गोड्डा जिले में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए पूर्व भाजपा प्रत्याशी सूर्या हांसदा मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने संज्ञान लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है। आयोग ने मुख्य सचिव, डीजीपी, गोड्डा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है।

आयोग ने स्पष्ट किया कि एनकाउंटर के बाद दर्ज शिकायतों पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी अधिकारियों को आयोग के समक्ष रखनी होगी। अगर निर्धारित समय में रिपोर्ट नहीं दी गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ समन जारी किया जा सकता है। यह कदम भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की शिकायत के आधार पर उठाया गया है।

गौरतलब है कि 11 अगस्त को गोड्डा जिले के बोआरीजोर थाना क्षेत्र के ललमटिया धमनी पहाड़ में पुलिस और सूर्य हांसदा के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान सूर्य हांसदा की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि उन्हें देवघर जिले के नावाडीह गांव से बिना वारंट गिरफ्तार कर एनकाउंटर दिखाकर मार दिया गया।

सूर्या हांसदा का राजनीतिक सफर भी चर्चा में रहा। वह बोरीयो विधानसभा क्षेत्र से चार बार चुनाव लड़ चुके थे। 2009 और 2014 में उन्होंने झारखंड विकास मोर्चा से, 2019 में भाजपा और 2024 में JLKM पार्टी से चुनाव लड़ा लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाए।

हाल के वर्षों में उनके खिलाफ साहिबगंज और गोड्डा के थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस का कहना है कि वह आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे। अब आयोग की पहल के बाद देखना होगा कि एनकाउंटर की जांच किस निष्कर्ष पर पहुंचती है।