झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मॉनसून, 2 अक्टूबर तक बारिश और वज्रपात का अलर्ट

झारखंड में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण 2 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इस दौरान गर्जन, तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री कम होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना है।
शुक्रवार को कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पलामू के चैनपुर में सबसे ज्यादा 51 मिमी बारिश हुई। सरायकेला का तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे अधिक था, जबकि सबसे कम 21.4 डिग्री लातेहार में दर्ज किया गया। रांची और गुमला में भी दोपहर बाद जोरदार बारिश हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि 2 अक्टूबर तक सामान्य से कम बारिश होगी लेकिन वज्रपात और तेज हवा का खतरा रहेगा। 3 से 9 अक्टूबर के बीच दुर्गा पूजा के दौरान भी सामान्य से ज्यादा बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, 12 अक्टूबर तक झारखंड से मॉनसून की विदाई हो सकती है।
1 जून से 26 सितंबर तक झारखंड में 1176.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 18% अधिक है। पूर्वी सिंहभूम में सबसे ज्यादा 1625.7 मिमी (51% अधिक) बारिश हुई। सरायकेला-खरसावां, रांची, लातेहार, चाईबासा और चतरा में भी सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं, पाकुड़, गोड्डा, देवघर और गढ़वा में सामान्य से कम बारिश हुई है।

