बकरीद के पर्व से पहले धनबाद में हुआ मॉक ड्रिल…
धनबाद: बकरीद पर्व को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए धनबाद पुलिस ने मॉक ड्रिल का आयोजन किया। यह अभ्यास पुलिसलाइन धनबाद में एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में किया गया। इस मॉक ड्रिल में एक ओर से कुछ पुलिस जवान उपद्रवियों की भूमिका में नजर आए। उन्होंने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस की ओर से लाठीचार्ज करते हुए स्थिति को काबू में किया गया।
उपद्रवियों को घेरकर पकड़ा गया और घायल लोगों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि यह मॉक ड्रिल पुलिस की तैयारी को परखने और आपात स्थिति से निपटने का अभ्यास है। पुलिस किसी भी तरह की गड़बड़ी या उपद्रव से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।पुलिस ने आम लोगों से बकरीद का त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। सभी पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।इस मॉक ड्रिल के मौके पर सिटी एसपी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


