untitled 2025 07 13t111718 1752386366

जेल में पकड़े जाने के डर से मोबाइल निगला, ऑपरेशन कर निकाला गया

खबर को शेयर करें

Azad reporter desk: कर्नाटक के शिवमोगा सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 30 वर्षीय कैदी ने जेल में पकड़े जाने के डर से पूरा मोबाइल फोन ही निगल लिया। मामला सामने आने के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसके पेट से तीन इंच लंबा और एक इंच चौड़ा मोबाइल फोन सुरक्षित बाहर निकाला।जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान दौलत उर्फ गुंडू के रूप में हुई है। वह गांजा तस्करी के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद 10 साल की सजा काट रहा है।

जून 2024 में शिवमोगा जिला अदालत ने उसे कठोर कारावास की सजा सुनाई थी।24 जून को दौलत ने जेल अधिकारियों से पेट दर्द की शिकायत की। पूछताछ में उसने यह कहकर भ्रम पैदा करने की कोशिश की कि उसने गलती से पत्थर का टुकड़ा निगल लिया है। इस पर जेल प्रशासन ने उसे तुरंत शिवमोगा के मैकगन अस्पताल में भर्ती कराया।जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसके पेट में किसी ठोस वस्तु के मौजूद होने की पुष्टि की और तत्काल सर्जरी की सिफारिश की। ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने उसके पेट से मोबाइल फोन निकाल लिया। यह मोबाइल फोन करीब तीन इंच लंबा और एक इंच चौड़ा था।

8 जुलाई को यह ऑपरेशन पूरा किया गया।मोबाइल बरामद होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने इसे जेल अधिकारियों को सौंप दिया। इसके बाद जेल के मुख्य अधीक्षक पी. रंगनाथ ने तुंगा नगर पुलिस थाने में दौलत के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। आरोपी के खिलाफ जेल परिसर में प्रतिबंधित वस्तु लाने और छुपाने के आरोप में नया मामला दर्ज किया गया है।जेल प्रशासन के मुताबिक मामले की पूरी जांच जारी है।