dumri mLA jairam mahto 585x306 1

विधायक जयराम महतो देंगे टॉप छात्रों को अपनी सैलरी का 75%

खबर को शेयर करें

डुमरी: डुमरी विधानसभा क्षेत्र के छात्रों के लिए यह खबर उम्मीद और प्रेरणा से भरी है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने ऐलान किया है कि वे अपनी तीन महीनों की विधायक सैलरी का 75 प्रतिशत हिस्सा मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में शीर्ष दस छात्रों को पुरस्कार के रूप में देंगे।विधायक ने यह कदम अपने चुनावी वादे को निभाने के तहत उठाया है।

उन्होंने चुनाव से पहले कहा था कि अपनी सैलरी का बड़ा हिस्सा जनता के कल्याण में लगाएंगे। अब उन्होंने इस राशि को शिक्षा के क्षेत्र में लगाने का फैसला किया है ताकि क्षेत्र के होनहार छात्रों को प्रोत्साहन मिल सके और शिक्षा के प्रति जागरूकता और प्रतिस्पर्धा बढ़े।इस सम्मान समारोह का आयोजन 7 जुलाई 2025 को नावाडीह स्टेडियम में किया जाएगा। कार्यक्रम में डुमरी विधानसभा क्षेत्र के मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 10 छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।

विधायक जयराम महतो की इस घोषणा को क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल के तौर पर देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने उनके इस कदम की सराहना की है, जो न सिर्फ छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को सुधारने की दिशा में एक मिसाल भी बनेगा।