JSSC का बड़ा फैसला: 44 स्नातकोत्तर शिक्षकों की उम्मीदवारी रद, संस्कृत और इतिहास विषय के शामिल…

Jharkhand: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में 44 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद कर दी है। ये वे अभ्यर्थी हैं जिन्होंने मूल विषय की जगह अन्य संबंधित विषयों में स्नातकोत्तर की डिग्री लेकर परीक्षा दी थी। इसमें मुख्य रूप से संस्कृत और इतिहास विषय के अभ्यर्थी शामिल हैं।
संस्कृत में 34 और इतिहास में 10 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद की गई है। आयोग ने उन अभ्यर्थियों पर भी कार्रवाई की है जिन्होंने दो समानांतर कोर्स किए या प्रमाणपत्र जमा नहीं किए।
संस्कृत में स्नातकोत्तर की बजाय संस्कृत साहित्य, ज्योतिष, आचार्य, नव्य व्याकरण आदि विषयों में स्नातकोत्तर करनेवालों की उम्मीदवारी रद की गई। इसी तरह इतिहास में मध्यकालीन या प्राचीन इतिहास में स्नातकोत्तर करनेवालों की भी उम्मीदवारी रद की गई है।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने कुल 10 अभ्यर्थियों की अनुशंसा आयोग को वापस भेजी जिनमें संस्कृत और इतिहास के एक-एक अभ्यर्थी शामिल थे।
इसके अलावा प्रमाणपत्र जांच में उपस्थित नहीं होने वाले इतिहास के 10, संस्कृत के 4 और स्वच्छता प्रमाणपत्र जमा नहीं करने वाले 4 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी भी रद कर दी गई है।
उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार इतिहास और संस्कृत विषय के 14 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल लंबित रखा गया है। इनका अंतिम निर्णय कोर्ट के आदेश के बाद लिया जाएगा।


