JSSC-CGL पेपर लीक मामला : तीन आरोपियों को हाईकोर्ट से मिली जमानत…

Jharkhand: झारखंड उच्च न्यायालय ने झारखंड सामान्य स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (JSSC-CGL) पेपर लीक मामले में तीन आरोपियों को जमानत दे दी है। जस्टिस अंबुज नाथ की अदालत ने शुक्रवार को यह आदेश सुनाया। अदालत ने तीनों आरोपियों को 20-20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा करने का निर्देश दिया है।
जमानत पाने वालों में भारतीय रिजर्व बटालियन (The IRB) का जवान रॉबिन, कवि राज और राम निवास राय शामिल हैं। अदालत में इनकी ओर से अधिवक्ता अमन कुमार राहुल ने पैरवी की।
गौरतलब है कि अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने अपनी पूरक चार्जशीट में इन्हें आरोपी बनाया था। जांच के अनुसार, राम निवास राय एजेंट के तौर पर काम कर रहा था जबकि कवि राज और रॉबिन भी इस पेपर लीक रैकेट का हिस्सा थे। यह मामला 2024 में पेपर लीक की घटना के बाद से ही लगातार सुर्खियों में रहा है और CID इसकी जांच कर रही है।

