Jharkhand Weather Update : झारखंड में भारी बारिश से मौसम ने ली करवट, 15 सितंबर तक रहेगा असर…

Jharkhand: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई दिनों की तेज़ गर्मी और उमस के बाद गुरुवार को प्रदेशभर में तेज़ हवा के साथ हुई बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली। भारी बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहाना हो गया है।
राजधानी रांची में गुरुवार को लगातार तीन घंटे तक रुक-रुक कर भारी बारिश हुई। इसके चलते एयरपोर्ट पर दो फ्लाइट्स को डायवर्ट करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, रांची का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब एक डिग्री कम है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार 15 सितंबर तक झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश जारी रहेगी। इसके बाद धीरे-धीरे मौसम में सुधार आने की संभावना है और आसमान साफ़ हो सकता है।
आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से 11 सितंबर के बीच झारखंड में 1061.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है जबकि सामान्य वर्षा 890.3 मिमी होती है। यानी इस बार राज्य में अब तक 52% ज्यादा बारिश हुई है। रांची जिले में तो 1333.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है जो सामान्य से काफी अधिक है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सिक्किम और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों से लेकर बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ रेखा सक्रिय है जो झारखंड से होकर गुजर रही है। इसी कारण प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है।

