1000288886

Jharkhand: मेदिनीनगर में बनेगा झारखंड का पहला मॉडल केंद्रीय कारा, 2 हजार से अधिक कैदियों की होगी व्यवस्था…

खबर को शेयर करें
1000288886

Jharkhand news:मेदिनीनगर में झारखंड का पहला मॉडल केंद्रीय कारा बनाया जाएगा। इसके लिए नगर निगम क्षेत्र के बाहरी हिस्से में करीब 50 एकड़ सरकारी जमीन चिन्हित की जा रही है। नया कारा तैयार होने पर इसमें दो हजार से अधिक कैदियों को रखने की व्यवस्था होगी। जमीन चिन्हित होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

वर्तमान में मेदिनीनगर का केंद्रीय कारा ऐतिहासिक है। इसे अंग्रेजी शासन के दौरान 1892 में स्थापित किया गया था और 2017-18 में इसे केंद्रीय कारा में परिवर्तित किया गया। फिलहाल इसकी क्षमता लगभग 700 कैदियों की है लेकिन यहां 900 से अधिक सजायाफ्ता और विचाराधीन कैदी बंद हैं। कैदियों की संख्या घटाने के लिए 200 कैदियों को चरणबद्ध तरीके से हजारीबाग के जेपी केंद्रीय कारा में शिफ्ट करने की योजना है।

चूंकि नए कारा के निर्माण में समय लगेगा इसलिए मौजूदा केंद्रीय कारा का विस्तार किया जाएगा। इसमें 400 सामान्य बैरक और 20 विशेष बैरक बनाए जाएंगे। विशेष बैरक में कुख्यात अपराधियों को रखा जाएगा। भवन निर्माण प्रमंडल को 420 कैदियों की क्षमता वाले बैरक निर्माण का एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा राज्य सरकार ने पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल में भी नया कारा बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए नगर पंचायत क्षेत्र के बाहरी हिस्से में 20 एकड़ सरकारी जमीन चिन्हित की जाएगी। इस कारा के बनने के बाद हुसैनाबाद के कैदी वहीं रहेंगे जिससे मेदिनीनगर केंद्रीय कारा पर दबाव कम होगा।

मेदिनीनगर केंद्रीय कारा के अधीक्षक भागीरथ करजी ने बताया “मेदिनीनगर में नया मॉडल केंद्रीय कारा बनेगा। फिलहाल मौजूदा कारा का विस्तार किया जा रहा है जिसमें 400 सामान्य और 20 विशेष बैरक शामिल होंगे। विशेष बैरकों में कुख्यात अपराधियों को रखा जाएगा।”