झारखंड: जल जीवन मिशन की योजनाओं में मिलेगी रफ्तार, केंद्र से जल्द आएगी तीसरी किस्त…

Jharkhand: झारखंड में चल रही जल जीवन मिशन की योजनाओं को गति देने के लिए इस महीने केंद्रीय सरकार से तीसरी किस्त मिलने की संभावना है।
राज्य के पेयजल स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के बीच हाल ही में हुई बैठक में इसके संकेत मिले हैं। राज्य सरकार ने जल जीवन मिशन के लिए छह हजार करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता जारी करने का अनुरोध किया है। जल शक्ति मंत्रालय 800 से 1000 करोड़ रुपये की तीसरी किस्त जारी करने वाला है।
इस राशि से राज्य में चल रही योजनाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी जिसमें घरों तक नल से जल पहुंचाने की योजना शामिल है। अब तक राज्य को तीन हजार करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
पेयजल स्वच्छता विभाग के मंत्री ने कहा कि राज्य इस राशि का हकदार है और मिलने के बाद उन योजनाओं को तेजी से पूरा किया जाएगा जहां 90 प्रतिशत काम पहले ही हो चुका है।
राज्य में शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पेयजल योजनाएं चल रही हैं। बोकारो, रांची और आदित्यपुर में शहरी जलापूर्ति योजनाओं का काम 70 से 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। तीसरी किस्त मिलने से इन परियोजनाओं को जल्द पूरा किया जा सकेगा।


