1000293773

Jharkhand: पलामू में भूख से जूझती मां ने 50 हजार में बेचा नवजात, अब सीएम के निर्देश पर होगी मदद…

खबर को शेयर करें
1000293773

Jharkhand : झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोटवा गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गरीबी और भूख ने एक मां को मजबूर कर दिया कि उसने अपने महज एक माह के बेटे को 50 हजार रुपये में बेच दिया। यह घटना न केवल गरीबी की भयावह तस्वीर दिखाती है बल्कि सरकारी योजनाओं से वंचित परिवारों की बदहाली को भी उजागर करती है।

नवजात की मां पिंकी देवी ने बताया कि उनके स्तन में गांठ है और इलाज के लिए पैसे नहीं थे। परिवार के पास खाने तक का साधन नहीं था। मजबूरी में उन्होंने दलाल के जरिए अपने बेटे को निःसंतान दंपती को सौंप दिया। पति रामचंद्र राम मजदूरी करते हैं लेकिन इतने बड़े परिवार का खर्च नहीं उठा पा रहे। पांच बच्चों में सबसे छोटा बेटा बेचा गया।

परिवार के पास राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड या जॉब कार्ड कुछ भी नहीं है। इसी कारण उन्हें किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा। वे देवी मंडप के शेड में रहने को मजबूर हैं क्योंकि झोपड़ी बारिश में ढह गई थी।

घटना की जानकारी पर चाइल्ड वेलफेयर कमिटी (CWC) और BDO मौके पर पहुंचे। परिवार को तत्काल 20 किलो चावल दिया गया और आधार कार्ड बनवाकर आवास योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस मामले का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त को परिवार की तत्काल मदद करने और नवजात को माता-पिता को लौटाने का निर्देश दिया है। CWC ने इस पूरे प्रकरण में शामिल दलालों और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।