1000292478
|

Jharkhand: धनबाद में पत्नी ने पति की हत्या कर घर में ही दफनाया शव, आज होगी खुदाई…

खबर को शेयर करें
1000292478

Jharkhand: झारखंड के धनबाद जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टुंडी थाना क्षेत्र के तिलैयटांड़ गांव में पत्नी ने अपने पति की हत्या कर शव को घर के कमरे में ही दफना दिया। पुलिस को शुक्रवार को इसकी जानकारी मिली। शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कमरे की खुदाई कर शव निकाला जाएगा।

मृतक की पहचान 45 वर्षीय सुरेश हांसदा के रूप में हुई है। वह दिहाड़ी मजदूर था और अपनी पत्नी सूरजी देवी व दो बच्चों के साथ रहता था। बताया गया कि सुरेश पिछले 10 दिनों से लापता था। पत्नी सूरजी गांववालों से कहती रही कि वह मनसा पूजा के लिए बाहर गया है। शुक्रवार को सुरेश की चाची का निधन हुआ और अंतिम संस्कार में भी वह नहीं आया। इसी दौरान परिजनों को शक हुआ। घर के एक कमरे में ताला बंद देख जबरन खुलवाया गया तो अंदर मिट्टी का ढेर पाया गया।

सूचना पर टुंडी थानेदार उमाशंकर यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे को सील कर दिया गया और शनिवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कराने का निर्णय लिया गया। घटनास्थल पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि और कई ग्रामीण मौजूद थे।

गांववालों और परिजनों के अनुसार सुरेश शराब पीकर पत्नी और बच्चों से अक्सर मारपीट करता था। प्रताड़ना से परेशान होकर सूरजी ने उसकी हत्या कर दी और शव को घर में ही दफना दिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि खुदाई के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी।

अब तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है और न ही सुरेश की गुमशुदगी की कोई शिकायत पुलिस को दी गई थी। शव मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।