1000313088

झारखंड में सरकारी ITI का सालाना शुल्क तय, SC/ST छात्रों को मिलेगी आधी छूट…

खबर को शेयर करें
1000313088

झारखंड सरकार ने राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) का शुल्क तय कर दिया है। शैक्षणिक सत्र 2025-27 के लिए वार्षिक ट्यूशन शुल्क 480 रुपये रखा गया है। वहीं अनुसूचित जाति और जनजाति के छात्रों को 50 प्रतिशत की छूट दी गई है। ऐसे छात्रों को केवल 240 रुपये सालाना शुल्क देना होगा।

श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, प्रत्येक छात्र से 250 रुपये काशन मनी भी ली जाएगी। यह राशि कोर्स पूरा होने पर वापस कर दी जाएगी। छात्रावास का शुल्क संबंधित संस्थान तय करेगा। विभाग ने साफ किया है कि इसके अलावा छात्रों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

यदि किसी संस्थान में छात्रों से तय शुल्क से अधिक पैसा वसूला जाता है तो इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर 18001233444 पर की जा सकती है।

शैक्षणिक सत्र 2025-27 के लिए आईटीआई में नामांकन की प्रक्रिया जारी है जिसे 30 सितंबर तक पूरा करना होगा।

विभिन्न राउंड की काउंसिलिंग के बाद भी कई संस्थानों, खासकर निजी आईटीआई में, सीटें खाली रह गई हैं। इन्हें भरने के लिए स्पॉट राउंड काउंसिलिंग की जा रही है। इस प्रक्रिया में छात्रों का नामांकन सीधे ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जा रहा है।