1000293774

Jharkhand: लातेहार में वज्रपात से RJD के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष की मौत, अंधविश्वास में परिजनों ने 4 घंटे तक गोबर में दबाए रखा शव…

खबर को शेयर करें
1000293774

Jharkhand : झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। वज्रपात की चपेट में आने से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रामनाथ यादव की मौत हो गई। डॉक्टरों ने अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया लेकिन अंधविश्वास के चलते परिजनों ने शव को 4 घंटे तक गोबर में दबाकर रखा इस उम्मीद में कि वह जीवित हो जाएंगे।

महुआडांड़ के रामपुर गांव निवासी रामनाथ यादव शनिवार को पत्नी शोभा देवी और एक चरवाहे के साथ मवेशी चराने गए थे। बारिश शुरू होने पर वे तीनों एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान वज्रपात हुआ जिसमें तीनों चपेट में आ गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने रामनाथ को मृत घोषित कर दिया जबकि उनकी पत्नी और चरवाहे का इलाज जारी है। दोनों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

रामनाथ की मौत के बाद किसी ने परिजनों को सलाह दी कि शव को गोबर में दबाने से सांसें लौट सकती हैं। परिजनों ने भी इस पर भरोसा किया और शव को गोबर में दबा दिया। पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी समझाने-बुझाने के बाद करीब 4 घंटे बाद शव को बाहर निकाला गया।

महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।