Jharkhand: धनबाद-झरिया की बिजली समस्या पर कार्रवाई, स्मार्ट मीटर से अधिक बिलिंग की होगी जांच…

Jharkhand: धनबाद और झरिया के लोगों को बिजली की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। गुरुवार को जेबीवीएनएल (Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited), DVC और झारखंड इंडस्ट्रीज एंड ट्रेड एसोसिएशन की त्रिपक्षीय बैठक में अधिकारियों ने कई अहम फैसले लिए।
बैठक में झरिया में नए ट्रांसफार्मर लगाने नया सब स्टेशन बनाने और स्मार्ट मीटर से अधिक बिल आने की शिकायतों की जांच करने पर सहमति बनी। साथ ही धैया और तेलीपाड़ा फीडर को जोड़ने का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा ताकि बिजली आपूर्ति बेहतर हो सके।
झरिया से आए प्रतिनिधियों ने बताया कि यहां बीते 20 घंटे से बिजली कटौती हो रही है। इस पर अधिकारियों ने कहा कि लोड शेडिंग और मेंटेनेंस का निर्धारण संयुक्त रूप से किया जाएगा। झरिया, कतरास मोड़ और भागा में नए सब स्टेशन और ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।
लोगों ने स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक बिल आने का मुद्दा उठाया। इस पर बिजली विभाग ने कहा कि स्मार्ट मीटर के साथ इलेक्ट्रॉनिक मीटर लगाकर जांच की जाएगी ताकि असल समस्या का पता लगाया जा सके।
हीरापुर और आसपास के इलाकों में बिजली कटौती की समस्या को दूर करने के लिए धैया और तेलीपाड़ा फीडर को जोड़ने का काम लगभग पूरा हो चुका है और ट्रायल चल रहा है।
बैठक में जेबीवीएनएल के महाप्रबंधक एके सिन्हा, डीवीसी के उप महाप्रबंधक एसके हैंडाल, अधीक्षण अभियंता एसके कश्यप समेत कई अधिकारी और जिलेभर के लोग मौजूद रहे।


