Jharkhand: लातेहार में चाऊमिन खाने से 35 बच्चे बीमार, सभी अस्पताल में भर्ती…

झारखंड के लातेहार प्रखंड के टेमकी गांव में बुधवार को जतरा मेले के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां चाऊमिन खाने के बाद 35 से अधिक बच्चे अचानक बीमार हो गए। आनन-फानन में सभी को लातेहार सदर अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद अब सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, जितिया पर्व के बाद गांव में जतरा मेले का आयोजन हुआ था। मेले में बच्चों ने चाऊमिन खाई, जिसके कुछ देर बाद ही कई बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव और पूर्व मुखिया राजेश उरांव ने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था कर सभी बच्चों को देर रात अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जय प्रकाश जायसवाल ने बताया कि शुरुआत में कुछ बच्चे गंभीर हालत में थे, लेकिन समय पर इलाज मिलने से सभी सुरक्षित हैं और धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।

