जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र : पोटका में बोलेरो से चार मवेशी बरामद, तीन की मौत, तस्कर फरार…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के पोटका थाना क्षेत्र के गीतिलता गांव के पास सोमवार तड़के पुलिस ने मवेशी तस्करी का मामला पकड़ा। एक बोलेरो (संख्या– QR 115-8745) से चार मवेशी बरामद किए गए जिनमें से तीन मृत पाए गए जबकि एक मरणासन्न अवस्था में जीवित मिला।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये मवेशी ओडिशा के दुंदु से जमशेदपुर लाए जा रहे थे। रास्ते में बोलेरो खराब हो जाने पर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। वाहन से कराहने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो तीन बैल मृत और एक घायल मिला।
ग्रामीणों ने बताया कि तस्करों ने छोटे से बोलेरो में चार बैलों को ठूंस दिया था और उनकी जीभ व पैरों को रस्सों से कसकर बांध दिया था। दम घुटने और दबाव के कारण तीन बैलों की मौत हो गई। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से जीवित बैल को बाहर निकाला गया।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि इस इलाके में लगातार मवेशी तस्करी हो रही है लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं हो रही। फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश शुरू कर दी है।


