झारखंड में उद्योग विभाग बनाएगा सात कामन फैसिलिटी सेंटर, मिलेगा प्रशिक्षण और सुविधा…

Jharkhand: झारखंड राज्य में विभिन्न प्रकार के लघु और हस्तशिल्प उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उद्योग विभाग ने सात कामन फैसिलिटी सेंटर बनाने का निर्णय लिया है। इन केंद्रों के निर्माण को हरी झंडी भी मिल गई है।
सातों केंद्रों का निर्माण लातेहार (1), हजारीबाग (3), पूर्वी सिंहभूम, राजधानी रांची और सिमडेगा में किया जाएगा। इन पर कुल लगभग एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
लातेहार के चंदवा में लुकइया पेपर क्राफ्ट क्लस्टर के लिए भवन बनेगा। हजारीबाग सदर में हैंडक्राफ्टेड टेक्सटाइल और गारमेंट डेवलपमेंट सोसाइटी के लिए मंडाईकला में भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम, बड़कागांव, रांची और सिमडेगा में सिलाई, वुड क्राफ्ट, लेदर क्राफ्ट और लाह-चूड़ी शिल्प के लिए अलग-अलग भवन बनेंगे।
इन भवनों में क्षेत्र के उद्योगों को प्रशिक्षण, निर्माण और अन्य औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपयोग किया जा सकेगा। भवनों का निर्माण झारखंड इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन (JIDCO) के माध्यम से कराया जाएगा।
जिडको ने निर्माण के लिए टेंडर भी निकाल दिए हैं और राज्य सरकार ने 90 दिन में इन भवनों के निर्माण को पूरा करने का समय निर्धारित किया है। यह योजना चालू वित्तीय वर्ष के बजट में शामिल है।


