चक्रधरपुर में मालगाड़ी से सैकड़ों बोरे चावल चोरी, रेलवे सुरक्षा पर उठे सवाल…

Jharkhand: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। सोमवार रात सोनुवा और लोटापहाड़ स्टेशन के बीच आसनतालिया गांव के पास चावल से लदी मालगाड़ी के वॉगन का लॉक तोड़कर अज्ञात चोरों ने सैकड़ों बोरे चावल चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
मंगलवार सुबह आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। टीम को झाड़ियों और रेल ट्रैक के किनारे कई चावल के बोरे बिखरे पड़े मिले। आरपीएफ ने घटना में हुए नुकसान का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात चक्रधरपुर की ओर जा रही मालगाड़ी किसी कारणवश डाउन मेन लाइन पर पोल संख्या 327/4 होम सिग्नल के पास रुक गई थी। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर तीन वॉगन का लॉक तोड़ा और बोरे निकालकर फरार हो गए।
इस घटना से एक बार फिर रेलवे सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले भी इस क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी हालांकि इस मामले में अभी तक किसी अधिकारी ने आधिकारिक बयान देने से परहेज किया है।
लगातार होती वारदातें यह साफ कर रही हैं कि रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर पुनर्विचार की जरूरत है।

