झारखंड में अगले 5 दिन भारी बारिश की संभावना, कई जिलों के लिए IMD ने जारी किया येलो अलर्ट…

Jharkhand: झारखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। अगले 5 दिनों तक झारखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 13 सितंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में आंधी-पानी का दौर चलेगा। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पाकुड़, साहिबगंज, गिरिडीह, गोड्डा और जामताड़ा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते 24 घंटों में लोहरदगा में सबसे अधिक 40 मिमी, बरकट्ठा में 12.6 मिमी और लातेहार में 9 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने बताया कि झारखंड के मौसम में बदलाव उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण की वजह से हो रहा है। इसके अलावा मानसून ट्रफ लाइन भी रांची होते हुए दीघा और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है जिससे राज्य में बारिश बढ़ गई है।

