हटिया–पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस अब नए रूप में, 15 सितंबर से चलेंगी आधुनिक एलएचबी कोच…

Jharkhand: हटिया–पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेल प्रशासन ने इस ट्रेन के पुराने पारंपरिक कोचों को हटाकर आधुनिक एलएचबी (लिंक हाफमैन बुश) कोच लगाने का निर्णय लिया है। हटिया से पूर्णिया कोर्ट जाने वाली ट्रेन संख्या 18626 में 15 सितंबर 2025 से और पूर्णिया कोर्ट से हटिया आने वाली ट्रेन संख्या 18625 में 16 सितंबर 2025 से एलएचबी कोच के साथ संचालन शुरू होगा।
एलएचबी कोच जर्मन तकनीक से बनाए जाते हैं जो पुराने कोचों की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और तेज गति के लिए उपयुक्त होते हैं। इनमें झटके और शोर कम होता है ब्रेकिंग सिस्टम बेहतर होता है और दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षा अधिक मिलती है जिससे लंबी दूरी की यात्रा और भी सुगम हो जाती है।
नए रेक में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें एक जनरेटर यान, एक एसएलआरडी कोच, सामान्य श्रेणी (आरक्षित) के 2 कोच, द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 6 कोच, वातानुकूलित 3-टियर के 4 कोच, वातानुकूलित 3-टियर (इकोनॉमी) के 2 कोच, वातानुकूलित 2-टियर का 1 कोच और सामान्य श्रेणी (अनारक्षित) के 5 कोच शामिल रहेंगे। पहले यह ट्रेन 24 पारंपरिक कोचों के साथ चलती थी।
रेल प्रशासन का कहना है कि एलएचबी कोच आने से ट्रेन की रफ्तार और यात्री सुविधा, दोनों में बड़ा सुधार होगा। यात्रियों को अधिक जगह, आरामदायक बैठने और सोने की सुविधा के साथ-साथ आधुनिक इंटीरियर का भी लाभ मिलेगा।


