गोलमुरी में रात को हुए फायरिंग मामले का हुआ खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार…
जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टुइलाडुंगरी सीपी क्लब के पास बीते 18 जुलाई की रात करीब 9 बजे फायरिंग की घटना सामने आई। निशाना था स्थानीय युवक लोचन कुमार, जिस पर दो राउंड गोली चलाई गई। सौभाग्य से लोचन को कोई गोली नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।पीड़ित लोचन कुमार की ओर से गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दी गई, जिसके आधार पर थाना प्रभारी राजन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हरप्रीत सिंह उर्फ राहुल गिल, प्रेम कुमार उर्फ आयुष साहू और धीरेन तंतुबाई उर्फ मोची शामिल हैं। पुलिस पूछताछ में धीरेन ने खुद को फायरिंग का मुख्य आरोपी बताया, जबकि अन्य दोनों ने भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दो खोखे, एक स्टील का चाकू, एक मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह ऑपरेशन गोलमुरी थाना प्रभारी राजन कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के अलावा आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया है।
मामले की आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश कर रही है।इस फायरिंग की घटना को लेकर शहरवासियों में चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आमजन में भरोसा भी जगा है। गोलमुरी थाना की इस कार्रवाई को शहर में बढ़ते अपराध पर नकेल कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


