एफसीआई गोदाम से चावल चोरी करते तौशिक रंगे हाथ गिरफ्तार, चार आरोपी फरार
जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के एफसीआई गोदाम से सरकारी चावल चोरी करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद तौशिक के रूप में हुई है जो कैरेज कॉलोनी स्थित मुस्लिम बस्ती का निवासी है। इस घटना में शामिल चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की है।
एफसीआई गोदाम में चावल की बोरियां एक ट्रक पर लादी जा रही थीं। इसी दौरान पांच लोग चुपचाप पहुंचे और ट्रक से बोरियां उतारकर ले जाने लगे। स्थानीय लोगों को शक हुआ तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तौशिक को वहीं धर दबोचा जबकि उसके चार साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।फरार आरोपियों की पहचान अरमान बच्चा, नूर बच्चा, सिकंदर और सलाउद्दीन के रूप में हुई है। सभी आरोपी उसी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।गिरफ्तार तौशिक से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
पुलिस को शक है कि यह एक संगठित गिरोह है जो लंबे समय से सरकारी चावल की चोरी कर रहा है। एफसीआई प्रबंधन की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।थाना प्रभारी ने कहा कि सरकारी राशन की चोरी गंभीर मामला है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।


