IMG 20250721 WA0106
|

पूर्व ड्राइवर कर रहा ट्रांसपोर्टर से रंगदारी की मांग, जान से मारने की धमकी, आरोपी मोबाइल से लगातार दे रहा धमकी

खबर को शेयर करें

जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टुइलाडूंगरी बी ब्लॉक निवासी ट्रांसपोर्टर सर्वजीत सिंह पिछले 12 दिनों से लगातार दहशत में हैं। वजह है उनका पूर्व ड्राइवर मोहम्मद इरशाद, जो अब उन्हें मोबाइल पर रंगदारी की मांग करते हुए गालियां दे रहा है और जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। आरोपी की लगातार धमकियों से सर्वजीत सिंह और उनका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।जानकारी के अनुसार, टेल्को थाना क्षेत्र के बारीनगर बी रोड मुस्लिम बस्ती का रहने वाला मोहम्मद इरशाद पहले ट्रांसपोर्टर सर्वजीत सिंह के यहां बतौर ड्राइवर काम करता था।

कुछ दिनों पहले उसे काम से हटा दिया गया। इसके बाद से ही वह 9 जुलाई से लगातार मोबाइल पर कॉल कर ट्रांसपोर्टर से रंगदारी की मांग कर रहा है। आरोपी कभी कोलकाता तो कभी अन्य जगहों से कॉल करता है। वह मोबाइल नंबर 9234441646 से कई बार कॉल कर चुका है।सर्वजीत सिंह ने बताया कि इरशाद फोन पर गंदी-गंदी गालियां देता है और कहता है कि अगर रंगदारी की रकम नहीं दी तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। कई बार तो वह आधी रात को भी फोन कर धमकी देता है। ऐसे में परिवार में महिलाएं और बच्चे काफी डरे हुए हैं।पीड़ित ने इस संबंध में पहले ही गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। गोलमुरी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी का लोकेशन ट्रैक किया जा रहा है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़कर उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़ित परिवार को राहत मिल सके और ऐसे तत्वों पर लगाम लग सके।