gail cng station ranchi cng filling stations goyut4u1h4
|

डिमना रोड में खुला सीएनजी स्टेशन, 3 और लगाने की प्रक्रिया चालू…

खबर को शेयर करें

जमशेदपुर: मानगो और आसपास के सीएनजी वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। गेल (GAIL) ने डिमना रोड स्थित एचपीसीएल मां तारिणी ऑटोमोबाइल पंप से सीएनजी आपूर्ति की शुरुआत कर दी है। यहां दो अत्याधुनिक डिस्पेंसर लगाए गए हैं, जिससे वाहन चालकों को तेज और सुविधाजनक सेवा मिलेगी।उद्घाटन के मौके पर गेल के महाप्रबंधक और प्रभारी अधिकारी गौरी शंकर मिश्रा ने बताया कि यह स्टेशन खासतौर पर लंबी दूरी की बसों और भारी वाहनों के लिए उपयुक्त है।

मिश्रा ने कहा कि 15 अगस्त तक बर्मामाइंस, साकची स्थित मॉडर्न ऑटो और डिमना मोड़ के पास तीन और नए सीएनजी स्टेशन शुरू किए जाएंगे। इन स्टेशनों का इंस्टॉलेशन कार्य अंतिम चरण में है और पूरी टीम दिन-रात काम में जुटी है।मौके पर मौजूद ऑटो चालकों और स्थानीय लोगों ने स्टेशन के चालू होने पर खुशी जताई। गेल अधिकारियों ने बताया कि यह पहल पर्यावरण अनुकूल, सस्ती और स्वच्छ ईंधन सीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।इस दौरान मिश्रा ने जानकारी दी कि गेल जल्द ही एक प्रमोशनल स्कीम भी शुरू करेगा।

इसके तहत डीजल से चलनेवाली बसों और ट्रकों को सीएनजी में बदलने, डीजल ऑटो के बदले सीएनजी ऑटो खरीदने या नए सीएनजी वाहन लेने पर ग्राहकों को 5 हजार से 25 हजार रुपये तक की मुफ्त गैस दी जाएगी। यह राशि वाहन की श्रेणी और समयावधि पर निर्भर करेगी। मिश्रा ने बताया कि गेल का लक्ष्य पूर्वी सिंहभूम जिले में रोजाना उपयोग की जा रही 15 हजार किलोग्राम सीएनजी आपूर्ति को इस वर्ष के अंत तक 50 हजार किलोग्राम प्रतिदिन तक पहुंचाना है।

उन्होंने शहरवासियों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।गेल के अनुसार, फिलहाल जिले में 14 सीएनजी स्टेशनों के जरिये प्रतिदिन 15 हजार किलोग्राम गैस की आपूर्ति की जा रही है। इसके अलावा 5,500 से अधिक घरों और 50 से ज्यादा होटलों-रेस्तरां में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की सेवा दी जा रही है। गेल का कहना है कि प्राकृतिक गैस एक सुरक्षित, सस्ता और पर्यावरण मित्र ईंधन विकल्प है, जिसे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है।