IMG 20250916 WA0028

सीएम हेमंत सोरेन ने नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में दी शिक्षा में गुणवत्ता की प्रतिज्ञा, शिक्षकों से की बौद्धिक योगदान की अपील…

खबर को शेयर करें

झारखंड: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को रांची के प्रोजेक्ट भवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में कहा कि “शिक्षा राज्य की रीढ़ है और इसमें किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।” उन्होंने 350 नवचयनित सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।इनमें 137 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य गणित और विज्ञान विषयों के लिए और गोड्डा जिले के 213 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) शामिल थे। यह समारोह शिक्षा विभाग की भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा था, जिसके तहत कुल 4333 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

सरकार ने शेष अभ्यर्थियों को 30 सितंबर तक नियुक्ति पत्र सौंपने का लक्ष्य रखा है।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल नौकरी पाने का अवसर नहीं है, बल्कि राज्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने नवचयनित शिक्षकों से कहा, “आपको 40 से 50 हजार रुपये तक का वेतन मिलेगा, जो आम जनता के टैक्स से दिया जा रहा है। इसलिए यह सिर्फ तनख्वाह लेने की बात नहीं है, बल्कि कर्तव्यनिष्ठ होकर काम करने की अपेक्षा है।”उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में इसी सभागार से और नियुक्तियां दी जाएंगी, जिससे झारखंड की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिले।

शिक्षकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे राज्य को बौद्धिक पहचान दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और श्रम मंत्री सत्यम प्रिय यादव भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने नवचयनित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह न केवल व्यक्तिगत सफलता का प्रतीक है, बल्कि राज्य के विकास की नई यात्रा की शुरुआत भी है।