Chaibasa: डायन-बिसाही के आरोप में वृद्ध दंपती की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार…

Jharkhand: चाईबासा के गुदड़ी थाना क्षेत्र में डायन-बिसाही के आरोप में एक वृद्ध दंपती की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिरसा बरजो, सेगो बरजो, लोकनाथ बरजो और एक नाबालिग के रूप में हुई है।
वृद्ध दंपती सलगी बरजो (67) और बुधवा बरजो (72) को आरोपियों ने कुल्हाड़ी और डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद शवों को कारो नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने कारों नदी से महिला का शव बरामद कर लिया है जबकि पुरुष का शव अभी तक नहीं मिला है और उसकी तलाश जारी है।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम प्रकाश के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की है। तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और नाबालिग को बाल सुधार गृह में रखा गया है।
यह मामला तब सामने आया जब 9 अगस्त को कारो नदी के पास एक महिला का शव मिला था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह हत्या डायन-बिसाही के शक में की गई थी। पुलिस ने पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

