भाजपा झारखंड की सबसे बड़ी बीमारी, जल्द इसका इलाज करेंगे—इरफान अंसारी का भाजपा पर हमला…

Jharkhand: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा को राज्य की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने झारखंडी अस्मिता को कुचला, समाज में विभाजन पैदा किया और बच्चों के दिमाग में जहर घोलने की कोशिश की।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि झारखंड की असली बीमारी भाजपा है जिसे जल्द ही ठीक किया जाएगा। अंसारी ने जोर देकर कहा कि भाजपा की नीतियां राज्य के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बाधक रही हैं और समाज में अलगाव पैदा कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार सबके विकास के लिए लगातार काम कर रही है। स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को हर नागरिक तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
अंसारी ने जनता से अपील की कि वे भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को समझें और विकास के लिए एकजुट रहें। उन्होंने कहा कि अब झारखंड की जनता भाजपा के झूठ और साजिशों में नहीं आएगी और उनकी हर कोशिश नाकाम होगी।


