TOTO 29 2

दुमका में बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर हमला, कानून व्यवस्था और सड़कों की बदहाली पर उठाए सवाल…

खबर को शेयर करें

दुमका: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है । उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और सड़क-पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है ।दुमका परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मरांडी ने कहा कि पिछले एक महीने की बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर मुस्कान लाई है, वहीं राज्य सरकार की लापरवाही और बदइंतजामी को भी उजागर कर दिया है ।

उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में पुल और सड़कें टूट चुकी हैं, जिससे आम लोगों खासकर मरीजों को अस्पताल पहुंचने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है ।मरांडी ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है, उनका ध्यान केवल सत्ता और पैसे की राजनीति पर केंद्रित है । उन्होंने सरकार से मांग की कि बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत शीघ्र कराई जाए ताकि आने वाले दिनों में लोगों को और अधिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े ।कांग्रेस नेता और मंत्री इरफान अंसारी के बेटे द्वारा अस्पताल में रील बनाने को लेकर भी मरांडी ने कटाक्ष किया । उन्होंने कहा कि झामुमो, कांग्रेस और राजद की राजनीति केवल परिवारवाद और निजी फायदे तक सीमित रह गई है । इस मानसिकता के चलते ही इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं ।

मरांडी ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा है । दिनदहाड़े लूट, हत्या और अन्य आपराधिक घटनाएं आम हो गई हैं । सरकार पूरी तरह से विफल साबित हो रही है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है ।बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि एनडीए गठबंधन एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाएगा । उन्होंने विपक्ष द्वारा मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को बचाव की राजनीति बताया और कहा कि विरोध के पीछे कोई न कोई सच्चाई जरूर छिपी है जिसे वे सामने नहीं आने देना चाहते ।मरांडी ने अंत में कहा कि झारखंड को ईमानदार नेतृत्व की जरूरत है, जो सिर्फ घोषणाएं न करे बल्कि धरातल पर काम कर दिखाए ।