झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम, गैस कटर छोड़कर भागा चोर
झारखंड: पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बेलवाटिका चौक स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक में शनिवार देर रात चोरी का प्रयास विफल हो गया। चोर गैस कटर से बैंक का शटर काटने में जुटा था लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर पुलिस पहुंचने से वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका।शनिवार रात करीब 12 बजे शटर काटने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को शक हुआ। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना टीओपी-2 प्रभारी राकेश कुमार को दी।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चोर हड़बड़ाकर फरार हो गया। भागने के दौरान वह गैस सिलेंडर ऑक्सीजन सिलेंडर और गैस कटर जैसी चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री मौके पर ही छोड़ गया।घटना के बाद पुलिस ने बैंक और आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें आरोपी मुंह पर रूमाल बांधे हुए शटर काटते हुए साफ नजर आया।
पुलिस ने उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।गौरतलब है कि बेलवाटिका चौक स्थित यह बैंक शाखा पहले भी चोरों के निशाने पर रह चुकी है। नवंबर 2024 में इसी बैंक से करीब 13 लाख रुपये की नकदी चोरी हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।पुलिस ने बरामद सामान जब्त कर लिया है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारी बैंक प्रबंधन से भी सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय करने को कह रहे हैं, ताकि ऐसी घटनाओं को दोहराया न जा सके।


