गिरिडीह में दिनदहाड़े कोयला चोरी का विरोध करने पर हमला
गिरिडीह: कोयलांचल क्षेत्र में कोयला माफिया का आतंक अब बेखौफ हो चला है। शनिवार को CCL गिरिडीह एरिया के सीपी साइडिंग में दिनदहाड़े कोयला चोरी का विरोध करना कर्मचारियों को भारी पड़ गया। चोरों ने लोडिंग इंस्पेक्टर, टेक्निकल इंस्पेक्टर और महिला होम गार्डों पर हमला कर दिया।सीसीएल कर्मियों के मुताबिक, जैसे ही चोरों को साइडिंग से हटने को कहा गया, वे एकजुट होकर टूट पड़े।
किसी को जमीन पर पटक दिया गया, किसी को पीटा गया और महिला होम गार्डों के साथ भी धक्का-मुक्की और गाली-गलौज की गई।टेक्निकल इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि एक युवक ने खुद को ‘स्पेशल ब्रांच’ का सदस्य बताकर धमकाया और अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद कर्मचारियों से मारपीट शुरू कर दी। महिला गार्ड तस्लीम अख्तर ने कहा कि उसे जमीन पर पटककर पीटा गया, जबकि शकुंतला और प्रीति के साथ भी अभद्रता की गई।घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में दो टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।यह घटना गिरिडीह के कोयलांचल क्षेत्र में कोल माफिया के बढ़ते हौसले और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई कर कोयला माफिया पर लगाम लगाई जाए।


